आगामी दिनों में धामी सरकार का फोकस युवाओं को रोजगार से जोड़ने और प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर रहेगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं और उद्योग क्षेत्र को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं।
चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में औद्योगिक पार्क –
मुख्यमंत्री ने चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा जिलों में औद्योगिक पार्क स्थापित करने की घोषणा की है। सरकार का उद्देश्य पहाड़ी क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देना और स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। औद्योगिक पार्कों के जरिए स्थानीय संसाधनों और संभावनाओं को उद्योग से जोड़ने पर जोर रहेगा।
18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए विशेष स्किल प्लान –
युवाओं को रोजगारपरक कौशल से जोड़ने के लिए 18 से 30 वर्ष की आयु वर्ग के लिए विशेष स्किल डेवलपमेंट प्लान तैयार किया जाएगा। इसके तहत युवाओं को उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाने वाले प्रशिक्षण दिए जाएंगे। प्रशिक्षण से जुड़ी लागत पर 30 प्रतिशत तक सब्सिडी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। सरकार का लक्ष्य युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
प्रदेश में बनेगा युवा आयोग –
युवाओं की समस्याओं और जरूरतों को संस्थागत मंच देने के लिए प्रदेश में युवा आयोग के गठन की भी घोषणा की गई है। आयोग के माध्यम से युवाओं से जुड़े रोजगार, कौशल विकास और अन्य मुद्दों पर योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा।
सरकार की इन घोषणाओं को प्रदेश में युवा शक्ति को रोजगार से जोड़ने और पहाड़ी क्षेत्रों में औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Editor

