देहरादून में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर नए सिरे से सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी हालिया तबादला आदेश में देहरादून ट्रैफिक से जुड़े कई निरीक्षकों के स्थानांतरण ने व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है। पहले ही सीमित संसाधनों में काम कर रही ट्रैफिक पुलिस के सामने अब और बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
कुछ रोज पूर्व जारी हुए आदेश के अनुसार, देहरादून में तैनात निरीक्षक यातायात जितेंद्र जोशी का स्थानांतरण चमोली कर दिया गया है। इसके अलावा, निरीक्षक यातायात (देहरादून) ललित मोहन सिंह बोरा का भी स्थानांतरण एसडीआरएफ में किया गया है। इन तबादलों से शहर में ट्रैफिक इंस्पेक्टरों की संख्या सीधे तौर पर प्रभावित हुई है।
सिर्फ इतना ही नहीं, देहरादून ट्रैफिक में अटैच चल रहे निरीक्षक नरेश भौर्याल और निरीक्षक अनीता गैरोला का भी तबादला कर दिया गया है। अनीता गैरोला को 40वीं वाहिनी पीएसी भेजा गया है, जबकि नरेश भौर्याल को सीपीयू हरिद्वार में नई जिम्मेदारी दी गई है।
इस बार की तबादला सूची में 4 के बदले सिर्फ 1 ही यातायात निरीक्षक देहरादून भेजा गया है। इन तबादलों के बाद स्थिति यह बन गई है कि जहां पहले देहरादून में 6 ट्रैफिक इंस्पेक्टर तैनात थे, अब केवल 3 ही रह गए हैं। ऐसे में शहर के प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और वीआईपी मूवमेंट के दौरान ट्रैफिक मैनेजमेंट संभालना बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, अचानक हुए इन तबादलों से ड्यूटी चार्ट में भी बदलाव करना पड़ा है, जिससे समन्वय की कमी देखने को मिल रही है। कई महत्वपूर्ण ट्रैफिक प्वाइंट्स / जोन (ऋषिकेश, मसूरी, ISBT, सिटी, ऑफिस, कंट्रोल रूम एवं विकासनगर (चारधाम रुट) पर पर्याप्त निगरानी नहीं हो पा रही है, जहां अभी तक एक एक निरीक्षक की ड्यूटी लगी हुई थी। जिसका असर आम लोगों को जाम के रूप में झेलना पड़ रहा है।
फिलहाल जब तक नए यातायात निरीक्षकों को अटैचमेंट पर देहरादून नहीं भेजा जाएगा तब के लिए एसएसपी देहरादून ने भी 4 स्थानांतरित हुए निरीक्षकों में से कुछ को रिलीव करने से इनकार कर दिया है।
अब निगाहें पुलिस मुख्यालय के कार्मिक विभाग पर टिकी हैं कि वह इस कमी को कैसे पूरा करता है। क्या जल्द ही नए निरीक्षकों की तैनाती / अटैचमेंट कर व्यवस्था को संतुलित किया जाएगा, या फिर दूनवासियों को लंबे समय तक अव्यवस्थित ट्रैफिक का सामना करना पड़ेगा।

Editor

